सेवा सेतु शिविर में एक ही छत के नीचे मिली योजनाओं की जानकारी 40 आवेदन प्राप्त
राजनांदगांव : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत सोमवार को नगर निगम परिसर में वार्ड क्रमांक 14 से 28 के नागरिकों के लिए भव्य मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन के विभिन्न विभागों ने एक ही छत के नीचे स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी व हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं व मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, योजनाओं की जानकारी और आवेदनों का निपटारा
शिविर में श्रम, नगर निगम, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार तथा विद्युत विभाग ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में आए नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इस दौरान कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 25 मांग और 15 शिकायतों से संबंधित हैं।
त्वरित समाधान का मिला आश्वासन
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने शिविर का निरीक्षण करते हुए बताया कि सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर देना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, जल आपूर्ति व बिजली से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाएगा, वहीं मांग से जुड़े आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ विभागीय कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर का जायजा लेने वालों में नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह (पारस वर्मा), संतोष पिल्ले, एमआईसी सदस्य राजेश जैन (रानू), शैकी बग्गा, सावन वर्मा, पार्षद शिव वर्मा, सतीश मसीह, अमित कुशवाह, नामांकित पार्षद नागेश यदु व हर्ष रामटेके सहित अनेक वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
12 अक्टूबर को बसंतपुर में लगेगा अगला शिविर
सेवा सेतु शिविर की अगली कड़ी में 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल, बसंतपुर में वार्ड क्रमांक 37 से 46 एवं 48 के नागरिकों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा।
