छत्तीसगढ़

रायपुर में बनेगा एकीकृत परीक्षा केंद्र, एक साथ 20 हजार परीक्षार्थी दे सकेंगे परीक्षा

रायपुर, 17 नवंबर। राजधानी रायपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित इस केंद्र में एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां ऑनलाइन परीक्षा, पार्किंग, सुरक्षा जांच और सुगम आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को प्रस्तावित परीक्षा केंद्र के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नीट, कर्मचारी चयन मंडल, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्र अलग-अलग क्षेत्रों में बनाए जाते हैं। इससे परीक्षार्थियों को आवागमन और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एकीकृत परीक्षा केंद्र बनने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी और परीक्षार्थियों का समय भी बचेगा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप भवन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन परीक्षाओं के लिए पर्याप्त क्षमता विकसित करने के साथ प्रवेश और सुरक्षा जांच के लिए अलग-अलग द्वार बनाने को कहा, ताकि फ्रिस्किंग के दौरान भीड़ न हो। उन्होंने पार्किंग और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए, ताकि यह देश में छत्तीसगढ़ की अलग पहचान बने। जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने और परीक्षार्थियों के लिए शांत वातावरण विकसित करने का सुझाव दिया। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button