आईपीएससी संगीत महोत्सव नाद संगम 2026 : मैग्नम ओपस ट्रॉफी में ऐतिहासिक बराबरी

मेजबान आरकेसी को मिला शीर्ष सम्मान
रायपुर, 26 अक्टूबर। राजकुमार कॉलेज बताया कि अखिल भारतीय आईपीएससी संगीत महोत्सव नाद संगम 2026-27 का समापन सुरमयी प्रस्तुतियों के साथ हुआ। दो दिवसीय इस महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित आईपीएससी विद्यालयों के युवा संगीतकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष महोत्सव का सबसे प्रतिष्ठित मैग्नम ओपस पुरस्कार, उत्कृष्ट विद्यालय दल का सम्मान, ऐतिहासिक बराबरी के साथ मेजबान राजकुमार कॉलेज, रायपुर और द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
कॉलेज ने बताया कि वहीं, विशिष्ट पुरस्कार, उत्कृष्ट विद्यालय दल प्रदर्शन का सम्मान यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली को तथा लॉरिएट पुरस्कार, विद्यालय दल में उत्कृष्टता का सम्मान डेली कॉलेज, इंदौर को प्रदान किया गया। समग्र चैंपियनशिप के अलावा मेजबान राजकुमार कॉलेज ने व्यक्तिगत एवं समूह वर्गों में भी शीर्ष सम्मान अर्जित किए। भारतीय शास्त्रीय गायन एकल वर्ग में हरसिफत कौर, भारतीय शास्त्रीय वादन एकल वर्ग में अस्मि जैन और भारतीय ताल वाद्य एकल वर्ग में लक्ष्य सेठिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज ने बताया कि समूह लोकगीत में राजकुमार कॉलेज के समूह, जुगलबंदी अर्थात अर्धशास्त्रीय वादन में सहाना मांडले एवं सार्थक मारुवड़ा, भारतीय शास्त्रीय वाद्यवृंद में राजकुमार कॉलेज के समूह तथा पाश्चात्य ड्रम एकल वर्ग में अरहम जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मैग्नम ओपस ट्रॉफी में बराबरी होना संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्टता और सहयोग की सच्ची भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाद संगम जैसे मंच सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करते हैं।

