छत्तीसगढ़

असम की जेल में 3.5 साल से बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल पंजाब पहुंचे

खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह आज अपने घर पहुंच रहे हैं. वह पिछले साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

बीबीसी पंजाबी के अनुसार, अमृतसर की अदालत ने उन्हें उनकी दादी के अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए तीन घंटे की अनुमति दी है.

उन्हें पहले डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया. इसके बाद शनिवार सुबह दिल्ली से अमृतसर एयरपोर्ट ले जाया गया.

बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन के मुताबिक़, अमृतपाल को लेकर विमान अमृतसर एयरपोर्ट पहुंच चुका है.

अमृतपाल सिंह के पंजाब पहुंचने से पहले उनके पैतृक गांव जल्लूपुर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.

अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था. इसके बाद परिवार ने अदालत में आवेदन देकर उन्हें अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी.

अब अमृतपाल सिंह के आने के बाद आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. वह दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जल्लूपुर खेड़ा में अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होंगे. इस दौरान वह पुलिस की निगरानी में रहेंगे.

क्या है पूरा मामला

फ़रवरी 2023 में अजनाला थाने पर कथित हमले के मामले में अदालत ने मई 2026 में अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ आरोप तय किए थे.

अजनाला हिंसा के बाद अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ अलग-अलग धाराओं में 16 मामले दर्ज किए गए थे. उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून (एनएसए) भी लगाया गया था.

अजनाला हिंसा का मामला फ़रवरी 2023 की उस घटना से जुड़ा है, जब वारिस पंजाब दे के प्रमुख और मौजूदा सांसद अमृतपाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ एक साथी की रिहाई की मांग को लेकर अमृतसर ज़िले के अजनाला पुलिस थाने का घेराव किया था.

अप्रैल 2023 में पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को मोगा से गिरफ़्तार किया था. उनके ख़िलाफ़ 2023 में राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून लगाया गया था. 2024 में इसे एक साल के लिए बढ़ा दिया गया. इसके बाद 2025 में भी इसकी अवधि एक साल और बढ़ाई गई.

हालांकि, इस साल एनएसए की अवधि ख़त्म होने के बाद सरकार ने इसे आगे नहीं बढ़ाया. इसके बावजूद सुरक्षा कारणों का हवाला देकर अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल में ही रखा गया है.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button