लंबे समय से बिमार बेटे और मां की लाश मिली

4 दिन से घर बंद था
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 7 नवंबर । गुढ़ियारी के एक मकान में मां-बेटे की लाश मिलने की घटना सामने आई है। जहां कमरे के अंदर एक का शव फर्श और दूसरे की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर में दिलीप मंडल के मकान में पिछले चार साल से जयजी देशमुख पति समीर देशमुख 52 वर्ष और बेटा हंसमुख देशमुख रहते थे। पिछले तीन दिनों से उनका कमरा अंदर से बंद था। कोई हलचल नहीं हो रही थी और मकान के अंदर से काफी बदबू भी आ रही थी। आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गुढ़ियारी पुलिस को दी।पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अंदर से बंद दरवाजा को तोड़कर कमरे में पहुंची। इस दौरान महिला का शव फर्श पर और उसके बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।
बताया जा रहा हैं कि घर पर दोनों मां-बेटे ही रहते थे। मकान मालिक से पूछताछ में पता चला है कि मृतिका महिला का बेटा लंबे समय से बीमार चल रहा था, जिसका उपचार चल रहा था।आशंका जताई जा रही हैं कि मां-बेटा ने आत्महत्या की। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि किन परिस्थितियों में दोनों की मौत हुई। ।

