छत्तीसगढ़

गुवाहाटी होटल गोलीबारी मामले का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

गुवाहाटी, 4 नवंबर। गुवाहाटी के एक होटल में हुई गोलीबारी की घटना का मुख्य आरोपी बुधवार को शिवसागर जिले में पुलिस हिरासत से कथित रूप से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गुवाहाटी के एक होटल में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की जान गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पापोरी चेतिया ने बताया कि मुठभेड़ गौरीसागर इलाके में उस समय हुई, जब आरोपी को एक अन्य मामले के सिलसिले में शिवसागर ले जाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि घनकांत गोगोई (34) को गोलीबारी के मामले में गुवाहाटी की एक अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के कुछ ही घंटे बाद मंगलवार को शिवसागर पुलिस ने 2024 के एक बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया था।

एसएसपी चेतिया ने कहा, वह कई तरह के हथियार चलाने में माहिर था। जब वह शौच के लिए पुलिस वाहन से नीचे उतरा, तो उसने हमारे जांच अधिकारी का सरकारी हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी के साथ हाथापाई हुई, जिसमें हमारा अधिकारी बुरी तरह घायल हो गया। अपने अधिकारी की जान बचाने के लिए शिवसागर सदर थाने के प्रभारी अधिकारी के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) को गोली चलानी पड़ी।

एसएसपी ने बताया कि गोली लगने से घायल गोगोई को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चेतिया ने बताया कि घायल पुलिस अधिकारी का स्थानीय अस्पताल में इलाज हो रहा है।

एसएसपी ने बताया, गोगोई एक आपराधिक मानसिकता का व्यक्ति था। वह हमारे अधिकारियों के लिए खतरा था। थाने के प्रभारी अधिकारी के बचाव में निजी सुरक्षा अधिकारी को गोली चलानी पड़ी।

गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में 26 अक्टूबर की रात होटल के प्रबंधन को लेकर संपत्ति के मालिकों और पट्टाधारक के बीच हुए कथित विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें एक कारोबारी परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था।

घटना के तुरंत बाद पट्टाधारक गोगोई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके पास से एक लाइसेंसी .32-बोर की पिस्तौल जब्त की गई जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर इस अपराध में किया गया था।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button