ताजा खबर

कलेक्टर लंगेह के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, अन्य जिलों में चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स पर भी प्रशासन की सख्ती, नोटिस जारी।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

शासकीय धान एवं चावल के भंडारण और कस्टम मिलिंग में अनियमितता के मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य, राजस्व एवं विपणन संघ की संयुक्त टीम ने ग्राम कल्याणपुर, विकासखंड बागबाहरा स्थित उत्कल एग्रोटेक राइस मिल का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान मिल में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को आगामी आदेश तक सील कर दिया। वहीं, मौके से 268 क्विंटल चावल भी जब्त किया गया।

निर्धारित जिलों में चावल जमा नहीं करने पर कार्रवाई

शासन के निर्देशानुसार उत्कल एग्रोटेक राइस मिल को अन्य जिलों में चावल जमा करना था। मिल को कोंडागांव जिले में 650 क्विंटल, बलौदाबाजार जिले में 3,386 क्विंटल तथा बस्तर जिले में 4,335 क्विंटल चावल जमा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं किए जाने के बाद प्रशासन ने मिल का भौतिक सत्यापन कराया। जांच में शासकीय धान की बड़ी मात्रा में कमी सामने आने पर तालाबंदी एवं सीलबंदी की कार्रवाई की गई।

कलेक्टर ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शासकीय धान एवं चावल के भंडारण, उठाव और जमा की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा अन्य राइस मिलर्स को भी नोटिस जारी कर उनके स्टॉक और चावल जमा करने की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धान में अनियमितता, निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले मिलर्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button