देश के अधिकांश हिस्सों में नवंबर में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार: आईएमडी

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर। हिमालय के तलहटी वाले कुछ क्षेत्रों को छोड़कर, नवंबर में भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा कि नवंबर के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं, जबकि मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है।
आईएमडी के अनुसार, नवंबर में मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है, जबकि मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि नवंबर में देशभर में कुल मिलाकर दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की 77 फीसदी बारिश होने का अनुमान है।
दीर्घकालिक औसत (एलपीए) से तात्पर्य किसी विशेष क्षेत्र में लंबी अवधि (सामान्यतः 30 से 50 वर्षों) के दौरान दर्ज की गई बारिश के औसत आंकड़ों से होता है।
वर्ष 1971 से 2020 तक के आंकड़ों के आधार पर, पूरे देश के लिए नवंबर का एलपीए 29.7 मिलीमीटर है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी नवंबर के दौरान एलपीए की 77 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, 1971 से 2020 तक के आंकड़ों के आधार पर इस क्षेत्र में नवंबर के दौरान बारिश का एलपीए लगभग 118.7 मिलीमीटर है।
मौसम विभाग ने रेखांकित किया कि वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर पर अत्यधिक तीव्र अल नीनो की स्थितियां बनी हुई हैं।
नवीनतम मानसून मिशन कपल्ड फोरकास्ट सिस्टम (एमएमसीएफएस) और अन्य वैश्विक जलवायु मॉडल पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि नवंबर-दिसंबर के दौरान अत्यधिक तीव्र अल नीनो की स्थितियां बनी रह सकती हैं।(भाषा)



