देश

हकृवि कैंपस अस्पताल में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने किया शुभारंभ

हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस अस्पताल में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने किया। शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोगों ने भाग लिया तथा विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच करवाकर परामर्श लिया।

कुलपति प्रो. काम्बोज ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन व्यक्ति की कार्यक्षमता और बेहतर जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, बढ़ते कार्य दबाव और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की। प्रो. काम्बोज ने कहा कि कई गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षण सामान्य दिखाई देते हैं, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। नियमित जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान हो सकती है और आवश्यक उपचार शीघ्र शुरू किया जा सकता है।

उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्ध है। ऐसे शिविर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श लेने और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कैंपस अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीति मलिक ने बताया कि शिविर में हृदय स्वास्थ्य, हड्डियों एवं जोड़ों की समस्याओं, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा आहार एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने रोगों की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी।

शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश सहगल, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अमित सैनी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इशिका नैन और डाइटीशियन डॉ. सुमन चौधरी ने सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. मीनाक्षी, डॉ. रितेश गुप्ता, डॉ. मनोज और डॉ. कुलदीप भी शिविर में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो. काम्बोज ने सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के चिकित्सकों एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button