शिवनाथ में नहाते नाबालिग डूबा

एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला शव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 अक्टूबर। जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी पर बने बेसिन डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 16 वर्षीय लड़के की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंची तथा घंटों चले बचाव ऑपरेशन के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
ग्राम बेसिन निवासी टुकेश साहू आज सुबह बेसिन क्षेत्र स्थित डैम में नहाने गया हुआ था। नहाते समय पैर फिसलने या जलप्रवाह का अनुमान न लग पाने के कारण वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी की गहराई में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाने के बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस व प्रशासन को दी गई।
एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त खोज अभियान
स्थानीय पुलिस के समन्वय से जिला सेनानी दुर्ग ने एसडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम को तत्काल आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची बचाव टीम ने नदी की प्रतिकूल परिस्थितियों और बढ़ते जलस्तर की चुनौतियों के बीच मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, सर्च हुक व डीप डाइविंग किट के सहारे खोजबीन शुरू की।
अभियान के दौरान एसडीआरएफ के कुशल गोताखोर राजकुमार यादव ने गहरे पानी में डाइव कर किशोर के शव को ढूंढ निकाला और बाहर लाया।
शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बचाव दल ने शव को पंचनामा व पोस्टमार्टम की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

