मां ने पौने 2 लाख में बेचा 9 माह का मासूम, पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद, 5 बंदी

छत्तीसगढ़संवाददाता
जशपुर नगर, 14 अक्टूबर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से मां द्वारा अपने ही 9-10 महीने के दूधमुंहे बच्चे को 1.80 लाख रुपए में बेचने का मामला सामने आया है। जशपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल में दबिश दी और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में मां सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 12 अगस्त को कुनकुरी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया के पुत्र स्व. शंकर चौहान के साथ यशोदा यादव (29 वर्ष) रहती थी। यशोदा ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे मार्च 2026 में संदिग्ध परिस्थितियों में गायब कर दिया गया था।
शिकायत के आधार पर थाना कुनकुरी में किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और बीएनएस की धारा 143(4), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पश्चिम बंगाल तक जुड़ा था खरीद-फरोख्त का जाल
विवेचना के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लालपुर भीमचक (पश्चिम बंगाल) निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43 वर्ष) को पकड़ा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह बच्चों की खरीद-फरोख्त के अवैध धंधे में शामिल है और कुनकुरी में उसकी मुलाकात यशोदा यादव से हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर पश्चिम बंगाल भेजी गई। पुलिस टीम ने मुख्य खरीदार शेख अलविन (52 वर्ष, निवासी मदनापुर, पश्चिम बंगाल) को दबोचा। पूछताछ में शेख अलविन ने स्वीकार किया कि उसने मार्च 2026 में यशोदा यादव से 1 लाख 80 हजार में बच्चा खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।
पुलिस ने बच्चे को सकुशल बचाया
कुनकुरी पुलिस की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल से लगभग 9-10 माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है और मेडिकल व कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में संलिप्त सभी 5 आरोपियों सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43 वर्ष) मदनापुर, पश्चिम बंगाल (दलाल), शेख अलविन (52 वर्ष) मदनापुर, पश्चिम बंगाल (खरीदार), यशोदा यादव (29 वर्ष) बेंदरभदरा, कुनकुरी बच्चे की मां, निर्मला तिर्की (45 वर्ष) राजू नगर, कुनकुरी, फुलकुंवारी यादव (50 वर्ष) बेंदरभदरा, कुनकुरी को गिरफ्तार कर लिया है।



