जेल में भी आस्था की ज्योत नवरात्र पर 28 बंदी ने रखा व्रत
राजनांदगांव: शारदीय नवरात्र पर जिला जेल में भी भक्ति और आस्था का वातावरण रहेगा। जेल में बंद 28 कैदी नौ दिनों तक व्रत रखेंगे। वहीं, 42 बंदियों को पूरे नौ दिन फलाहार दिया जाएगा। जेल प्रशासन ने नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना और व्रत रखने वाले बंदियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
जेल अधीक्षक उत्तम कुमार पटेल के अनुसार, आज देवी मां के चित्र के समक्ष ज्योति कलश स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। 19 को दुर्गा नवमी तक सुबह-शाम नियमित पूजा होगी। बंदियों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत 28 बंदी पूरे नौ दिन व्रत रखेंगे, जबकि 15 से 16 बंदी एकम, पंचमी और अष्टमी का व्रत रखेंगे।
क्षमता से अधिक बंदी, फिर भी व्यवस्था
जिला जेल में 158 बंदियों की क्षमता है, लेकिन वर्तमान में 482 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें कई सजायाफ्ता बंदी भी हैं। जेल प्रशासन के अनुसार, नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले बंदियों को फलाहार और सात्विक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। पूजा-अर्चना के दौरान उनकी आस्था और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाएगा।
