छत्तीसगढ़

राहुल ने ली थी जहां जिला अध्यक्षों की क्लास, स्मृति ने सुनी मन की बात

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 25 अक्टूबर। प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले दौरे में अलग तेवर दिखाए। वे अभनपुर के एक विवाह भवन में सीएम और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। खास बात यह है कि यह वही स्थल है, जहां चार महीने पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के जिला अध्यक्षों की क्लास ली थी।

अभनपुर के चंडी मोड़ पर स्थित आकांक्षा, आशुतोष अग्रवाल भवन राजनीतिक कार्यक्रमों के चलते चर्चा में है। रविवार को भाजपा ने प्रदेश प्रभारी बनने के बाद दौरे पर आईं स्मृति ईरानी के कार्यक्रम के लिए इसे किराए पर लिया था। इसी भवन में चार माह पहले प्रदेश कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर हुआ था। इसमें राहुल गांधी ने भी शिरकत की थी। स्मृति भी सीएम विष्णु देव साय के साथ ठीक पौने 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं।

खास बात यह है कि भवन के हॉल में टीवी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने की व्यवस्था की गई थी। इसी हॉल में राहुल गांधी ने भी विगत 21 जून को जिला अध्यक्षों को संबोधित किया था।

कार्यक्रम स्थल पर स्मृति के तेवर देखकर भाजपा के बड़े नेता हड़बड़ा गए। उन्होंने मंच की बजाय जमीन पर बैठकर मन की बात सुनने की बात कही। इसके बाद प्रदेश के पदाधिकारी और अन्य नेता उनके आसपास आ गए। इस पर स्मृति ने सभी को पीछे बैठने के लिए कहा और अभनपुर के बूथ व शक्ति केंद्र प्रभारियों को सामने बुलाकर मुख्यमंत्री के साथ प्रथम पंक्ति में बैठाया और मन की बात सुनी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा उनके ठीक पीछे बैठे। यही नहीं, एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए पहुंचीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों से भी उन्होंने आगे-पीछे घूमने के बजाय अपने बूथ पर जाकर मन की बात सुनने के लिए कहा। अभनपुर में स्मृति ईरानी के तेवर देखकर स्थानीय कार्यकर्ता खुश नजर आए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button