छत्तीसगढ़

भारत के साथ गतिरोध पर चीन बोला- ‘सीमा पर शांति के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार’

चीन के विदेश मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश में दोनों देशों के सैनिकों के बीच गतिरोध की ख़बरों पर सोमवार को प्रतिक्रिया दी.

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन भारत के साथ हुए संबंधित समझौतों और अहम सहमतियों का लगातार और सख्ती से पालन करता रहा है.

चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए चीन सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त और प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां करता है.

उन्होंने यह बात चीन-भारत सीमा पर एक बार फिर गतिरोध की ख़बरों के जवाब में कही.

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि इस तरह की घटनाएं तब होती हैं, जब चीनी सैनिक गश्त के तय तरीकों से हटकर काम करते हैं.

गुओ ने कहा कि चीन और भारत कूटनीतिक और सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं.

उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी चीन के साथ मिलकर दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को लागू करने की दिशा में काम करेगा और सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाएगा.

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक (डीजी) शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को कहा था, पिछले कुछ दिनों में ऐसी स्थिति बनी, जब अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर दोनों पक्ष (भारत और चीन) आमने-सामने आ गए. यह स्थिति अब भी जारी है.

आईटीबीपी के डीजी के बयान के बाद, 23 अक्तूबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, दोनों पक्ष वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमियों या ग़लत आकलन से बचने के लिए मौजूदा कूटनीतिक और सैन्य माध्यमों का इस्तेमाल जारी रखे हुए हैं.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button