धान खरीदी, 184 से अधिक किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप से प्राप्त किए टोकन

719.40 क्विंटल से अधिक धान विक्रय के लिए टोकन बुक, किसानों को मिल रही ऑनलाइन सुविधा
रायपुर, 11 नवंबर। मुख्यमंत्रीविष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए शुरू किए गए तुंहर टोकन ऐप से अब किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं। जिले में टोकन जारी होने की प्रक्रिया शुरू होने से अब तक 184 से अधिक किसानों ने ऐप के माध्यम से 719.40 क्विंटल से अधिक धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन बुक कराया है। इन किसानों ने जिले के 72 उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। जिले के 160 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान बेचने आने वाले किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।
किसानों को धान विक्रय में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 21 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे।
नए खरीदी केन्द्रों में धरसींवा विकासखंड के पवनी एवं परसतराई, आरंग विकासखंड के मालीडीह, अकोलीकला, अमेठी, समोदा, बोहरडीह, बनरसी, चरोदा, तोड़गांव एवं मुनगी, अभनपुर विकासखंड के बकतरा, भरेंगा, हसदा एवं उमरपोटी तथा तिल्दा विकासखंड के भुरसुदा, भूमिया, तुलसी, मोहगांव, भहड़ा एवं खपरीडीहखुर्द शामिल है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु कुल 1 लाख 39 हजार 854 किसानों का पंजीयन हुआ है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 1 लाख 29 हजार 121 हेक्टेयर है।

