छत्तीसगढ़

भोजन में कीड़े मिलने का कथित झूठा दावा करने पर शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक गिरफ्तार

कोझिकोड, 29 अक्टूबर। केरलम में राज्य खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिलने का कथित तौर पर झूठा दावा करने के आरोप में एक शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार शिक्षक की पहचान जिजो जेम्स के रूप में हुई है। वह एर्णाकुलम जिले के एक व्यावसायिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत हैं।

राज्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन कोझिकोड स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के मैदान में किया जा रहा है। इसमें सामान्य शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, जेम्स ने बुधवार को आरोप लगाया था कि प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिले हैं।

उन्होंने इस कथित अनियमितता के संबंध में फेसबुक पर एक पोस्ट भी साझा की थी।

अधिकारियों के मुताबिक, इस पोस्ट के बाद छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने विरोध मार्च निकाला। आरोप सामने आने के बाद आयोजकों ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, जांच में भोजन में कीड़े मिलने का दावा झूठा पाया गया।

खेल प्रतियोगिता के संयोजक पी. के. अरविंदन की शिकायत के आधार पर कुन्नमंगलम पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेम्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दंगा भड़काने के इरादे से उकसावा देने से संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया।

अधिकारियों ने बताया कि जेम्स ने शाम तक सोशल मीडिया से अपनी पोस्ट हटा दी थी। कुन्नमंगलम पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामला जमानती धारा के तहत दर्ज किया गया है, इसलिए शिक्षक को जमानत पर रिहा कर दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

केरलम के सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए कहा कि शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आयोजकों की जांच में भोजन में कीड़े मिलने का दावा गलत पाया गया।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button