प्रभावी उपचार संग विश्वास और आशीर्वाद पाने अहम चिकित्सा है फिजियोथेरेपी-डॉ. नगरिया

शा. फिजियोथेरेपी महावि. दुर्ग में दीक्षारंभ समाप्त
दुर्ग, 23 नवंबर। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, दुर्ग ने बताया कि बी.पी.टी. (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय दीक्षारंभ इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन 21 नवंबर 2026 को गरिमामय समारोह के साथ हुआ। 16 से 21 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली, व्यावसायिक नैतिकता, क्लिनिकल कार्यप्रणाली एवं भविष्य की व्यावसायिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।
महाविद्यालय ने बताया कि समापन समारोह में डॉ. तृप्ति नगरिया, अधिष्ठाता, चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, दुर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सा से जुड़े सभी व्यवसायों में फिजियोथेरेपी एक महत्वपूर्ण एवं संतोष प्रदान करने वाला पेशा है, जिसमें मरीजों से मिलने वाला धन्यवाद और आशीर्वाद सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपने क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करता है, तब वह मरीजों को प्रभावी एवं त्वरित लाभ पहुँचाने में सक्षम होता है।
महाविद्यालय ने बताया कि फिजियोथेरेपी भी ऐसा ही प्रभावी उपचार माध्यम है, जिसके सकारात्मक परिणाम उन्होंने स्वयं अनुभव किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञान एवं कौशल विकसित करने तथा समर्पण के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, संवादात्मक गतिविधियाँ एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए गए। प्रथम दिवस विद्यार्थियों के साथ फिजियोथेरेपी विषय पर समूह चर्चा डॉ. खुशबू मेहरा (पीटी) द्वारा आयोजित की गई।


