छत्तीसगढ़

धमतरी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, चार जगह दबिश देकर 4 आरोपी गिरफ्तार

  • सिहावा, नगरी, भखारा और मगरलोड में पुलिस की कार्रवाई, महुआ और देशी शराब के साथ बिक्री रकम भी जब्त

धमतरी, 07 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सिहावा, नगरी, भखारा और मगरलोड थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब, देशी शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 5,205 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त SP एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में चार थाना क्षेत्रों की पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम कोडमुड़ पारा में रुकमणी बाई के कब्जे से 4.5 लीटर महुआ शराब और 450 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) में कार्रवाई की गई।

इसी तरह नगरी थाना पुलिस ने चमेदा कर्राघाटी तिराहा के पास डूमरडीह निवासी 20 वर्षीय हितेन्द्र कुर्रे को 3 लीटर महुआ शराब और 120 रुपये बिक्री रकम के साथ पकड़ा। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 83/26 के तहत धारा 34(1) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया।

भखारा थाना क्षेत्र में आईटीआई के पीछे स्कूल के पास सुपेला निवासी 60 वर्षीय बालचंद प्रधान के कब्जे से 15 पौवा देशी शराब और 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 132/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) में कार्रवाई की।

वहीं मगरलोड थाना पुलिस ने ग्राम बेलौरा टिकरापारा में दाऊराम साहू (26 वर्ष) के घर के बरामदे से 4.5 लीटर महुआ शराब और 900 रुपये बिक्री रकम जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 222/26 के तहत धारा 34(1) आबकारी एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button