छत्तीसगढ़

‘झांसामंत्री’ का दुष्प्रचार ध्वस्त : कारोबारियों को नुकसान होने के दावे पर कांग्रेस

नयी दिल्ली, 2 नवंबर। कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की रैली के कारण कारोबारियों को नुकसान होने का झांसामंत्री का दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया है और दिल्ली के बाजारों में कारोबार सामान्य रूप से जारी रहा।

कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, जिसमें दावा किया गया है कि दिल्ली में सभी बाजारों में दुकानें खुली रहीं और राजनीतिक गतिविधियों के कारण कारोबार प्रभावित होने की आशंका निर्मूल साबित हुई।

रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भाजपा का पूरा दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया। इंडिया गठबंधन की महारैली को बदनाम करने और लोगों को दिल्ली आने से रोकने के लिए व्यापारियों के नुकसान और बाजार बंद होने का डर फैलाया गया। हर कोई समझ सकता था कि जब देश भर से लोग आएंगे तो वे खरीददारी भी करेंगे। दिल्ली में काम करने वाले हर कारोबारी को परोक्ष या अपरोक्ष रूप से फायदा होगा।

उन्होंने कहा, भाजपा द्वारा गढ़े गए इस झूठे और तर्कहीन दुष्प्रचार का मकसद साफ था: ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए वोट चोरी और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही के असली मुद्दे से देश का ध्यान भटकाना और लोगों को महारैली में शामिल होने से हतोत्साहित करना। लेकिन हुआ इसका बिल्कुल उलट। दिल्ली की जनता और देशभर से आए लोगों ने इस दुष्प्रचार का जवाब अपने तरीके से दिया।

उन्होंने कहा, राहुल गांधी की अपील पर लोगों ने दिल्ली के बाजारों में खरीदारी की। पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों में दुकानें खुलीं और कारोबार जमकर हुआ। इसके अलावा छोटे-छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से भी लोगों ने जमकर सामान खरीदा। अखबारों की रिपोर्ट खुद इस दुष्प्रचार की पोल खोल रही है।

रमेश ने कहा, दिल्ली के व्यापारियों, दुकानदारों और उन तमाम नागरिकों का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने इस अपील को अपनाया और लोकतांत्रिक विरोध के साथ स्थानीय कारोबार का भी साथ दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि लोकतंत्र की आवाज़ को न डर से दबाया जा सकता है, न दुष्प्रचार से।

उन्होंने कहा, झांसामंत्री और भाजपा को समझ लेना चाहिए कि देश की जनता उनकी इन हरकतों को पिछले 12 सालों से देख रही है और अब उनके किसी झांसे में नहीं आने वाली है। जनता वोट का अधिकार भी बचाएगी, कारोबार भी चलाएगी और जवाबदेही भी मांगेगी। वोट चोर, गद्दी छोड़।

इससे पहले शनिवार रात गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी में इंडिया गठबंधन के मार्च और रैली में शामिल होने आ रहे लोगों से दिवाली से पहले खरीदारी करने और स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा की ओर से अफवाहें फैलाए जाने के बावजूद विपक्ष का कार्यक्रम कारोबार को प्रभावित नहीं करेगा।

विपक्षी इंडिया गठबंधन ने रविवार को कथित वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान किया था। गांधी ने दावा किया था कि भविष्य में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे देशद्रोह के लिए जेल जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button