राहुल गांधी पहले शिवतत्त्व को समझें- मिश्रा

कांग्रेस देश एवं प्रदेशवासियों से माफी मांगे
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 2 नवंबर । भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी पहले शिवतत्त्व को समझें, सनातन संस्कृति और छत्तीसगढ़ की अस्मिता का अपमान करने के लिए कांग्रेस देश एवं प्रदेशवासियों से माफी मांगे । मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के रामलीला मैदान में भगवान शिव की बारात और तांडव का उल्लेख करना कई सवाल खड़े करता है। भगवान भोलेनाथ की बारात समरसता, सद्भाव और सामाजिक एकात्मता का प्रतीक है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग का स्थान है। हम शिवजी की बारात में सहर्ष शामिल होंगे, लेकिन तांडव को राजनीतिक अराजकता से जोड़ने की मानसिकता का समर्थन नहीं कर सकते। भगवान शिव का तांडव सनातन धर्म का गहन आध्यात्मिक दर्शन है, कोई राजनीतिक नारा नहीं। राहुल गांधी को पहले शिवतत्त्व समझना चाहिए और सनातन संस्कृति को बार-बार आहत करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
मिश्रा ने कहा कि
कांग्रेस का देशहित की बात करना भी समझ से परे है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, 1 नवंबर जैसे गौरवशाली अवसर का बहिष्कार कर कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों की भावनाओं का अपमान किया है। कांग्रेस को प्रदेशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं 1 नवंबर 1984 को हुए सिख नरसंहार की दर्दनाक घटना भी देश के इतिहास का एक काला अध्याय है। कांग्रेस को उस घटना की जिम्मेदारी और अपने नेताओं की भूमिका पर जवाब देना चाहिए। एक ओर कांग्रेस इतिहास की घटनाओं पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस का बहिष्कार करती है। यह दोहरा रवैया उसकी मानसिकता को उजागर करता है।



