छत्तीसगढ़

अचानकमार में घुसे चार हाथी, दो मवेशियों को कुचला; घर और बाइक भी तोड़ी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

मुंगेली, 25 अक्टूबर। अचानकमार टाइगर रिजर्व के लोरमी बफर क्षेत्र में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। रविवार तड़के करीब 3 बजे चार हाथियों के झुंड ने जमनाही गांव में घुसकर भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने दो मवेशियों को कुचलकर मार डाला, जबकि एक ग्रामीण का कच्चा मकान पूरी तरह तोड़ दिया और परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मुख्य बस्ती से दूर बने मकानों में रहने वाले ग्रामीणों ने तड़के हाथियों की आवाज सुनी। उन्होंने बाहर निकलकर टॉर्च की रोशनी में देखा तो चार हाथियों का झुंड घरों की ओर बढ़ रहा था। खतरे को भांपते हुए वे तत्काल परिवार सहित घर छोड़कर भाग गए और मुख्य बस्ती में आ गए।

इस तरह इन परिवारों की जान तो बच गई, लेकिन हाथियों ने उनके घर के पास बंधे मवेशियों को निशाना बना लिया। झुंड ने दो मवेशियों को कुचलकर मार डाला। इसके बाद एक कच्चे मकान को ढहा दिया और वहां खड़ी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चार हाथियों के झुंड की आवाजाही से आसपास के गांवों में चिंता बढ़ गई है। जमनाही की घटना ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। लोगों को डर है कि हाथियों के दोबारा गांव में आने पर जान-माल का और नुकसान हो सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल घटना के बाद मौके पर पहुंचना पर्याप्त नहीं है। हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की व्यवस्था भी जरूरी है।

घटना की सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

रेंजर ने प्रभावित ग्रामीण के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इसके लिए प्रकरण तैयार किया जाएगा और स्थल सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button