रिचा पाहवा ने संभाला भाजपा महिला मोर्चा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष पद

पंचकूला: भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय पंचकमल में नया दायित्व ग्रहण कर लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि माताएं-बहनें समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ आने वाली पीढ़ियों के संस्कार और भविष्य का निर्माण करती हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि महिला शक्ति की सामाजिक और संगठनात्मक भागीदारी को और मजबूत करते हुए सेवा और सुशासन का संदेश घर-घर पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रिचा पाहवा का संगठनात्मक अनुभव नई जिम्मेदारी में उनकी ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की भूमिका केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाना भी है। नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
हर घर तक पहुंच बनाने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिला मोर्चा की पहुंच हर चूल्हे और हर घर तक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचा सकती हैं। डॉ. गुप्ता ने उज्ज्वला योजना, स्वच्छता अभियान, हर घर जल और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेटियों के प्रति सोच बदली है और महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
योजनाओं से बढ़ा आत्मबल: रूप कुमारी चौधरी
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की दैनिक कठिनाइयों को समझते हुए हर घर शौचालय, जन धन खाता और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं का आत्मबल बढ़ाया है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश उपाध्यक्ष लतिका शर्मा, जवाहर सैनी, उत्तराखंड के संगठन महामंत्री फनीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश जरावता, वेद फुल्ला, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रोजी मलिक आनंद, प्रतिभा सुमन, सुमन डांगी, महिला मोर्चा राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक टीना बैंटिक, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव दीपिका, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवनीत वड़ैच, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया और ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सुनील सेन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



