सड़क हादसा; महिला की मौत, कई घायल

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुन्द, 23 अक्टूबर। पटेवा थाना अंतर्गत अभी अभी बावनकेरा चौक झलप के पास एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करते समय ट्रक के पीछे जा घुसी । उक्त कार में पूरा एक परिवार सवार था। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत की खबर है। कार सवार एक अन्य युवती की हालत गंभीर बताया जा रहा है। इसके अलावा अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। मिली जानकारी के अनुसार कार सवार सभी राजनांदगांव जिले के निवासी हैं। अज्ञात ट्रक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस अभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद कर रही है। लिहाजा कार में कुल कितने लोग सवार थे, कहां जा रहे थे,कार का नंबर क्या है,घायलों और मृतकों के नाम क्या है जैसे सवालों के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। जानकारी मिलते ही खबर अपडेट की जावेगी।
मालूम हो कि कल ही इसी नेशनल हाईवे-353 पर एक और सड़क हादसा हुआ। जिसमें बाइक सवार की जान गई और ट्रक का चालक काफी देर तक स्टीयरिंग में फंसा रहा। कल गुरुवार को दोपहर हुई इस दुर्घटना के बारे में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशीष सोनी बेलसोंडा स्थित एक कंपनी में काम करता था। गुरुवार दोपहर ड्यूटी खत्म करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। तभी नेशनल हाईवे-353 पर महासमुंद से रायपुर मार्ग पर दोपहर करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार आइशर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार आशीष सोनी (निवासी वार्ड-5, महासमुंद) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित आइशर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केशव (48), निवासी वार्ड-11, खरोरा, रायपुर, स्टेयरिंग के बीच फंस गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे रायपुर रेफर किया गया है। ट्रक चालक का नाम केशव बताया गया है। पुलिस उसे महासमुंद जिला अस्पताल लेकर गई।जहां प्राथमिक उपचार के बाद बाद हालत गंभीर होने की वजह से रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस हाइस दसे की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दुपहिया सवार मृतक रायपुर की ओर से महासमुंद आ रहा था। जबकि आइशर वाहन महासमुंद से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान रायपुर मार्ग पर एक बाइक शोरूम के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।



