जुबिन के सुरों से सजेगी संस्कारधानी 30 मिनट तक आसमान में होगी डिजिटल आतिशबाजी
राजनांदगांव : पूर्व मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक डा. रमन सिंह के 74वें जन्मदिन पर आज दिग्विजय स्टेडियम में होने वाले आयोजन में बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल अपने बैंड के साथ प्रस्तुति देंगे। उनके लोकप्रिय गीतों और आधे घंटे के डिजिटल फायर शो से संस्कारधानी की शाम सजेगी। ‘राग नांदगांव’ के इस आयोजन को लेकर युवाओं और संगीतप्रेमियों में खासा उत्साह है। यह कार्यक्रम युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया है।
जुबिन नौटियाल ने ‘मेरे घर राम आए हैं’, ‘श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ और ‘कौन कहते हैं भगवान आते नहीं’ जैसे भजनों के साथ ‘हमनवा मेरे’, ‘रातां लंबियां’ और ‘किन्ना सोना’ जैसे फिल्मी गीतों से देशभर में पहचान बनाई है। उनकी प्रस्तुति के साथ रंग-बिरंगी डिजिटल आतिशबाजी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।
युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पिछले एक सप्ताह से चल रही हैं। दिग्विजय स्टेडियम में 100 फीट लंबा मंच तैयार किया गया है। मंच के पीछे 40 फीट ऊंचा स्ट्रक्चर बनाया गया है, जहां विशेष प्रकाश और ध्वनि प्रभाव देखने को मिलेंगे। साउंड व्यवस्था के लिए इंदौर से टीम बुलाई गई है, जिसने परीक्षण भी शुरू कर दिया है। डिजिटल फायर शो के लिए नागपुर से टीम पहुंची है। आयोजन के दौरान करीब 30 मिनट तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगाएगा। आयोजकों का दावा है कि संस्कारधानी में इतने बड़े स्तर पर यह आयोजन खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई अतिथियों के पहुंचने की संभावना
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के अनुमान को देखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन के सहयोग से आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य प्रबंध भी किए गए हैं।
पहले भी बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों का गवाह बना है मंच
संस्कारधानी में ‘राग नांदगांव’ ने पिछले वर्षों में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस मंच पर प्रख्यात कवि एवं अभिनेता शैलेश लोढ़ा, कवि कुमार विश्वास और बालीवुड गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। इस बार जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में विशेष उत्सुकता है। भावेश बैद ने संगीतप्रेमियों से अपील की है कि संभावित भीड़ को देखते हुए वे शाम छह बजे तक दिग्विजय स्टेडियम पहुंच जाएं, ताकि उन्हें प्रवेश और बैठने में असुविधा न हो।
