छत्तीसगढ़

सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया, कल रायपुर में पेशी

रायपुर, 1 नवंबर।महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। उसे कल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाने की खबर है।

सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले ही इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारत सरकार के माध्यम से ओमान के अधिकारियों को प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध भेजा। इस अनुरोध के साथ आरोपी के खिलाफ जुटाए गए दस्तावेज और जांच से संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए। भारत सरकार, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी हुई। CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और चंद्राकर को भारत लेकर लौटी। एजेंसी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर दो CBI मामलों में आरोपी है। दोनों मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा ED ने भी मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के माध्यम से देशभर में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इस नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर विदेश से किया जाता था।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button