छत्तीसगढ़

घरेलू विवाद में मां पर कुदाली से हमला, आरोपी बेटा बंदी

सिर पर किए 2 से 3 वार, गंभीर

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजपुर, 1 नवंबर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डायनटोली में घरेलू विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां पर कुदाली से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 31 अक्टूबर की है। ग्राम डायनटोली निवासी बिफती उरांव (55) अपने घर में लिपाई-पोताई कर रही थीं। इसी दौरान उनके 28 वर्षीय बेटे गोविन्द बेक ने किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने घर में रखी छोटी कुदाली से मां के सिर पर दो से तीन बार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से महिला लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से डायल 112 को सूचना दी गई। इसके बाद घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पीडि़ता की शिकायत पर कुसमी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून से सनी मिट्टी सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। वहीं आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी गोविन्द बेक रामनगर को गिरफ्तार कर 1 नवंबर को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button