छत्तीसगढ़ में 295 किमी रेल परियोजना को मंजूरी

रायपुर, 27 अक्टूबर।छत्तीसगढ़ में रेल संपर्क का विस्तार करने के लिए कटघोरा-तखतपुर-मुंगेली-कवर्धा-खैरागढ़-डोंगरगढ़ रेल परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन को मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी है। प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई 295 किलोमीटर होगी और अनुमानित लागत लगभग 8000 करोड़ रुपये है।
परियोजना में 25 प्रतिशत अंशपूंजी, यानी लगभग 2000 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से निवेश की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ सरकार और रेल मंत्रालय का योगदान लगभग 1000-1000 करोड़ रुपये होगा। राज्य सरकार अपनी हिस्सेदारी खनिज विकास निधि, जिला खनिज न्यास अथवा राज्य बजट के माध्यम से वहन करेगी।
सरकार के अनुसार, इस रेल परियोजना से रेल सुविधा से वंचित क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिलेगा। उद्योगों, पर्यटन, रोजगार और कृषि उपज को नए बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

