ताजा खबर

ग्राम छातामौहा में गूंजा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का नारा, लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेसजनों ने भरी हुंकार

बसना:- बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के मंडल सांकरा द्वारा ग्राम छातामौहा में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मंडल स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के प्रभारी फिरोज मेमन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। यदि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से काटा जाता है, तो यह उसके लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री समीम भाई ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार सुनिश्चित करना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के सामने लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को बचाने की चुनौती खड़ी है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता की आवाज उसका वोट होता है। वोट का अधिकार किसी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि संविधान द्वारा देश के प्रत्येक पात्र नागरिक को दिया गया मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी लगातार देशभर में लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं। उनका स्पष्ट संदेश है कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संविधान और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता को हर हाल में सुरक्षित रखना होगा।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रहे, यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला या बुजुर्ग मतदाता को जानकारी के अभाव अथवा प्रशासनिक लापरवाही के कारण अपने मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव, गली-गली और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। मतदाता सूची का परीक्षण करें, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करें और यदि किसी का नाम गलत तरीके से विलोपित हुआ है तो नियमानुसार आपत्ति एवं दावा प्रस्तुत करने में मदद करें।

उन्होंने जोशीले अंदाज में कहा कि हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली हर उस सोच और व्यवस्था के खिलाफ है, जो आम जनता के अधिकारों को प्रभावित करती है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन संविधान और जनता का अधिकार हमेशा सर्वोपरि रहना चाहिए। इसलिए आज जरूरत है कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता एक प्रहरी बनकर अपने गांव और बूथ में लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प ले।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के अध्यक्ष मधुसुदन साहू, डॉ. हेमंत कौशिक सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी, रामकुमार पटेल, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष हितेश विशाल, सुनील भोई, प्रशांत पंडा, किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष पीतांबर यादव, जयलाल बारिक, पुष्पराज नेताम, सतपथ सिदार सहित विभिन्न बूथों के अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि बसना विधानसभा के प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को पहुंचाया जाएगा। मतदाता जागरूकता के माध्यम से पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।

अंत में कांग्रेसजनों ने एक स्वर में संदेश दिया कि लोकतंत्र बचेगा तो संविधान बचेगा, संविधान बचेगा तो जनता के अधिकार बचेंगे और जनता का अधिकार बचेगा तो देश का लोकतंत्र मजबूत होगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button