छत्तीसगढ़

मतदाता सूची से छूटे नाम जोड़ने विशेष अभियान, 17 साल के युवा भी कर सकेंगे आवेदन

बुधवार-गुरुवार मतदान केंद्रों पर शिविर, शुक्रवार-शनिवार शैक्षणिक संस्थानों में होगा पंजीयन

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर,9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू इस एक माह के अभियान में उन लोगों का सत्यापन किया जाएगा, जिनके नाम विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके या हटा दिए गए हैं। इसके साथ ही 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं से भी मतदाता पंजीयन के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से शिविर आयोजित किए जाएंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के बीच भी युवा और भावी मतदाताओं के पंजीयन के लिए अभियान चलाया जाएगा। शिविरों की तिथि और संस्थानों का निर्धारण जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय करेगा।
विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्राप्त आवेदनों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा करेंगे। बीएलओ आवेदन पत्रों और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को सौंपेंगे। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंत में मतदान केंद्रवार सूची भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने का अवसर मिल सके।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप या www.voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है। मतदाता पंजीयन से जुड़ी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। ECINET ऐप के माध्यम से Book a Call with BLO विकल्प से भी बीएलओ से बात करने का अनुरोध किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे अभियान के दौरान अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर पंजीयन कराएं। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button