ताजा खबर

मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान तेज, फॉर्म-6 के आवेदनों की संख्या बढ़ाने पर कलेक्टर का जोर।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का नाम जोड़ने के लिए महासमुंद जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ ही घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं पहली बार मतदाता बनने के योग्य युवाओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देकर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए।

अभियान की नियमित निगरानी के निर्देश

कलेक्टर लंगेह ने सभी ईआरओ को विशेष अभियान की नियमित निगरानी करने और पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों की संख्या बढ़ाने तथा निर्वाचन संबंधी गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

महाविद्यालयों में भी चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान के अंतर्गत स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महाविद्यालयों में फॉर्म-6 उपलब्ध कराकर पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए अभियान की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा और नागरिक पंजीकरण की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

पात्र नागरिकों से नाम जांचने की अपील

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने पात्र युवाओं एवं नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में पंजीकरण के लिए आवेदन करने की अपील की है। पात्र नागरिक संबंधित बीएलओ के माध्यम से अथवा भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित तहसीलदार एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button