छत्तीसगढ़

राहुल गांधी प्रदर्शन के बाद बोले – ‘आरएसएस के वो कायर लोग कहां थे…’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को मार्च में शामिल लोगों को धन्यवाद कहते हुए एक वीडियो जारी किया है.

राहुल गांधी ने सोमवार रात को सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो में कहा कि वो डरने वाले नहीं हैं और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे.

राहुल गांधी ने कहा, आज (सोमवार) के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं. उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीक़े से इस आंदोलन को समर्थन दिया. इंडिया गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी बहुत-बहुत धन्यवाद.

यह दिन बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत की जनता डरने वाली नहीं है. आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं. हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे.

उन्होंने कहा, मैं सोच रहा था कि आरएसएस के वो कायर लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहां थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया. जब हम वहां खड़े हैं, जब देश की जनता वहां खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियां पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो और देखते हो कि क्या होता है? क्योंकि तुम भी देश के प्रधानमंत्री की तरह सिर्फ़ गुंडागर्दी करना जानते हो. तुममें सामने आकर खड़े होने की हिम्मत नहीं है. तुम सिर्फ़ सत्ता और ताक़त के दम पर लड़ सकते हो.

राहुल ने कहा, आज जो कुछ हुआ, उसे देखकर बहुत ख़ुशी होती है. मुझे आप सभी पर गर्व है. सबने एक टीम की तरह काम किया. जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, ये अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं. यह एक ही आंदोलन है, जिसमें हम सब एक साथ खड़े हैं. हममें से हर एक व्यक्ति संविधान के इन हत्यारों, हमारे लोकतंत्र को कुचलने वालों के ख़िलाफ़ खड़ा होगा. और हम एक क़दम भी पीछे नहीं हटेंगे.

गौरतलब है कि विपक्ष का मार्च कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट जाना था लेकिन बीच में मंडी हाउस के पास रोक दिया गया. शाम सात बजे के क़रीब राहुल गांधी और विपक्ष के कुछ नेता पुलिस को चकमा देते हुए नेता सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए.

वहां विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाख़िल की.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button