छत्तीसगढ़
बसपा में आकाश आनंद की वापसी: मायावती ने भतीजे को फिर बनाया नेशनल कोऑर्डिनेटर

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक अहम संगठनात्मक फैसला लेते हुए अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त कर दिया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक आधिकारिक संदेश जारी कर इस फैसले की घोषणा की।
मायावती ने अपने बयान में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर बसपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और इसी सिद्धांत के तहत पिछले दिनों संगठन में कुछ कठोर फैसले लेने पड़े थे।
बसपा प्रमुख ने स्वीकार किया कि पार्टी के विस्तार में आकाश आनंद का योगदान काफी हद तक सकारात्मक रहा है। हालांकि, कुछ विशेष राजनीतिक परिस्थितियों के कारण संगठन में समय-समय पर बदलाव करने पड़े। मायावती ने इस बात का भी जिक्र किया कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद से आकाश के व्यवहार और कार्यशैली में काफी बदलाव देखने को मिला है।
हाल ही में आकाश आनंद ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए पार्टी में वापसी और सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जाहिर की थी। मायावती के अनुसार, जमीन पर काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के एक बड़े वर्ग की ओर से भी आकाश आनंद को दोबारा जिम्मेदारी देने की मांग उठ रही थी। इसके अलावा उनके पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इसका समर्थन किया। इन सभी पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श करने के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें फिर से राष्ट्रीय संयोजक का पद सौंपने का निर्णय लिया।
अपने संदेश के अंत में मायावती ने उम्मीद जताई कि इस फैसले के बाद भविष्य में पार्टी का संगठन सुचारु रूप से काम करेगा और बार-बार बदलाव करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को अपना आशीर्वाद देते हुए बहुजन समाज और पार्टी के सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया।



