तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर के चौकों का नामकरण नहीं, रिंग रोड-थाना के पास ट्रैफिक आइलैंड होगा ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर। तेलीबांधा चौक को सेवा ज्योति संकल्प चौक नाम दिए जाने की घोषणा के बाद विवाद पर महापौर मीनल चौबे ने सफाई दी है। गुरुवार को साहू समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा।महापौर कार्यालय में हुई चर्चा के दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और एमआईसी सदस्य संतोष साहू भी मौजूद रहे।
महापौर ने स्पष्ट किया कि सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में प्रस्तावित स्थान रिंग रोड और तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्राई-जंक्शन का ट्रैफिक आइलैंड है। इसका तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित चौकों से कोई संबंध नहीं है।
महापौर ने साहू समाज के प्रतिनिधियों को बताया कि तालाब के दोनों ओर स्थित चौकों के नामकरण को लेकर न तो कोई प्रस्ताव दिया गया है और न ही उनका नाम सेवा ज्योति संकल्प चौक रखा गया है। प्रस्तावित नामकरण केवल रिंग रोड-तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्रैफिक आइलैंड तक सीमित है।


