छत्तीसगढ़

टायर फटा, खंभे से टकराई गैस सिलेंडर लोड पिकअप

4 बच्चे और ड्राइवरबाल-बाल बचे

छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर,30 अक्टूबर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। महाकाल ढाबा के पास गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप का टायर अचानक फट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के दौरान वाहन में चालक सहित चार बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम ने स्थिति संभाली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन का टायर अचानक फटने से ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया। वाहन में गैस सिलेंडर लोड होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं खंभा टूटने से बिजली के तारों के संपर्क में आने और करंट फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनास्थल के एक ओर पेट्रोल पंप और दूसरी ओर बिजली का खंभा होने से स्थिति और संवेदनशील हो गई थी। हादसे की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों और चालक की सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल वाहन में सवार चारों बच्चे और चालक सुरक्षित हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button