निकायों के 100 अफसर-कर्मियों के तबादले

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। नगरीय प्रशासन विभाग के 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए हैं। इनमें 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा पांच लेखापाल, चार स्वास्थ्य निरीक्षक, चार भृत्य, तीन कैशियर, तीन सहायक ग्रेड-3 तथा एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का भी स्थानांतरण किया गया है।
विभाग ने तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को निलंबन से बहाल किया है। हालांकि, इनके विरुद्ध विभागीय जांच जारी रहेगी। बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में सीएमओ पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच जारी रहेगी। उनके निलंबन अवधि का निराकरण जांच के गुण-दोष के आधार पर अलग से किया जाएगा।

