छत्तीसगढ़

एप्स्टीन से जुड़े पत्र को लेकर वॉल स्ट्रीट जर्नल के खिलाफ ट्रंप का मुकदमा खारिज

मियामी, 1 नवंबर। यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से संबंधों पर प्रकाशित खबर को लेकर द वॉल स्ट्रीट जर्नल और मीडिया कारोबारी रूपर्ट मर्डोक के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 10 अरब डॉलर के मानहानि मुकदमे को एक संघीय न्यायाधीश ने शनिवार को स्थायी रूप से खारिज कर दिया।

इसी के साथ न्यायाधीश ने टिप्पणी की कि ट्रंप अपने आरोपों को साबित करने के लिए हाथ-पांव मार रहे थे।

मियामी में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट न्यायाधीश डैरिन गेल्स ने मुकदमे को स्थायी रूप से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति यह साबित नहीं कर पाए कि प्रतिवादियों ने कानून के तहत अपेक्षित दुर्भावनापूर्ण मंशा के साथ मानहानिकारक बयान दिए थे। फैसले में कहा गया कि मुकदमे के जरिये अखबार की खोजी रिपोर्टिंग में खामियां गढ़ने की कोशिश की गई थी।

जब किसी मुकदमे को स्थायी रूप से खारिज किया जाता है, तो उसे दोबारा दायर नहीं किया जा सकता और खारिज करने का फैसला अंतिम होता है।

यह फैसला ट्रंप और उनके प्रशासन के लिए झटका है। अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रंप का समाचार संगठनों के साथ टकराव रहा है। जर्नल के अलावा ट्रंप बीबीसी, एसोसिएटेड प्रेस और हाल ही में सीएनएन, एमएस नाउ तथा पोलिटिको से जुड़े मुकदमों में भी उलझे हुए हैं। इन मीडिया संगठनों ने सितंबर के मध्य में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस से बाहर किए जाने के बाद दोबारा वहां प्रवेश की अनुमति पाने के लिए उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया है।

ट्रंप उन मीडिया संस्थानों की निंदा करते रहे हैं, जिनकी खबरें उन्हें पसंद नहीं आतीं।

व्हाइट हाउस ने शनिवार को मुकदमा खारिज किए जाने पर तत्काल कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल के खिलाफ यह मुकदमा पिछले साल प्रकाशित उसकी उस खबर को लेकर था, जिसमें यौन संकेतों वाले एक पत्र और चित्र का जिक्र किया गया था। अखबार के मुताबिक, पत्र पर ट्रंप का नाम था और इसे एप्स्टीन के 50वें जन्मदिन पर 2003 में तैयार किए गए एक एलबम में शामिल किया गया था।(एपी)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button