छत्तीसगढ़

शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर दो युवकों से मारपीट, घर में घुसकर की तोड़फोड़; आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 12 नवंबर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट व तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने अपने साले के साथ मिलकर दो युवकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मामले में सीपत पुलिस ने मुख्य आरोपी बलराम यादव (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 2:40 बजे की है। ग्राम फरहदा निवासी विक्रम पटेल (35 वर्ष) अपने मोटरसाइकिल गैरेज में काम कर रहा था। इसी दौरान गांव का बलराम यादव अपने साले के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। विक्रम ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

जान बचाने के लिए विक्रम अपने घर की ओर भागा, लेकिन आरोपी और उसका साला पीछा करते हुए घर में घुस गए और वहां भी हाथ-मुक्के व डंडे से मारपीट की।

इसी दिन आरोपी और उसके साले ने गांव के ही सुक्रेत पटेल (24 वर्ष) के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और घर में लगे एस्बेस्टस सीट को तोड़कर नुकसान पहुंचाया।

दोनों मामलों में सीपत पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बलराम यादव, पिता लुलु राम यादव, निवासी ग्राम फरहदा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button