सोनपुर अंधे कत्ल का खुलासा, टांगी से की थी हत्या

पत्नी को बताई थी हत्या की बात, फिर कर ली खुदकुशी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 17 अक्टूबर। सूरजपुर जिले की बसदेई चौकी पुलिस ने ग्राम सोनपुर में हुए अंधे कत्ल का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नाहर सिंह की हत्या गांव के ही बालगोविन्द सिंह ने टांगी से सिर पर वार कर की थी। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को हत्या की बात बताई और 14 अक्टूबर को खेत के पास पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने 12 अक्टूबर को चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र नाहर सिंह 10 अक्टूबर की रात से लापता था। 12 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास नाले के पानी में उसका शव पड़े होने की सूचना दी। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम जांच में जुटी थी। इसी बीच 14 अक्टूबर को ग्राम सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह का शव उसके खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
पत्नी और बेटी के बयान से खुला राज
17 अक्टूबर को ग्रामीणों से पूछताछ और मृतक बालगोविन्द की पत्नी व बेटी के बयान के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। उन्होंने बताया कि नाहर सिंह की हरकतों से बालगोविन्द परेशान रहता था और कई बार उसे मारने की बात कह चुका था।
जांच में सामने आया कि 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद नाहर सिंह अपने घर चला गया। इसके बाद बालगोविन्द टांगी लेकर निकला और करीब एक घंटे बाद वापस लौटा। अगले दिन वह गुमसुम रहने लगा।
12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी मौके पर गया था। पुलिस को देखकर वह घर लौट आया और पत्नी से कहा कि उसने नाहर सिंह को मार दिया है, अब कोई उन्हें परेशान नहीं करेगा। इसके बाद वह उपचार कराने जाने की बात कहकर घर से निकला था। दो दिन बाद उसका शव खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस की विवेचना में नाहर सिंह की हत्या बालगोविन्द सिंह द्वारा टांगी से सिर पर वार कर किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है।



