छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होंगे नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव, निर्वाचन आयोग ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत के आम एवं उपनिर्वाचन को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी ली।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से रिक्त पदों, आरक्षण, परिसीमन और निर्वाचन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार स्थानीय निकायों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

पंचायतों में इन पदों पर होगा निर्वाचन

पंचायत निर्वाचन के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इसके अलावा जनपद पंचायत सदस्य के 1, सरपंच के 92 और पंच के 721 रिक्त पदों पर उपनिर्वाचन कराया जाएगा।

15 नगरीय निकायों में आम चुनाव

नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत नवगठित नगर पंचायत तमनार (जिला रायगढ़) और नगर पंचायत बड़ी करेली (जिला धमतरी) सहित कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इनमें नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव भी शामिल हैं।

इसके साथ ही नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अध्यक्ष पद तथा विभिन्न नगरीय निकायों के 6 वार्ड पार्षद पदों के लिए उपनिर्वाचन भी कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू निर्वाचन सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय में पूरी की जाएं।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, संचालक निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास की संचालक प्रियंका महोबिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सुनीता सिंह

एक जिम्मेदार और परिवार-केंद्रित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने जीवन में अनुशासन और ईमानदारी को सबसे ऊपर रखा है। पढ़ाई और घर संभालने के साथ-साथ समाज के छोटे कामों में भी रुचि रखती हैं। उन्हें बच्चों से बात करना, त्योहारों की तैयारी और घर की पुरानी यादें संजोना अच्छा लगता है। उनकी भाषा सरल है और सोच स्पष्ट।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button