बिलासपुर में हवाई सेवा की घड़ी पीछे चल रही, 26 अक्टूबर को निकलेगी उल्टी पदयात्रा

4सी एयरपोर्ट का काम शुरू नहीं होने और उड़ानें घटने से नाराज हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का ऐलान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अक्टूबर। बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार की मांग अब अनूठे विरोध प्रदर्शन का रूप लेने जा रही है। 4सी श्रेणी के एयरपोर्ट का काम शुरू नहीं होने, दिल्ली की उड़ान बंद होने और दूसरी हवाई सेवाओं में कटौती से नाराज हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति 26 अक्टूबर को उल्टी पदयात्रा निकालेगी। समिति का कहना है कि जब देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब बिलासपुर को पीछे धकेला जा रहा है।
समिति के मुताबिक, 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सदस्य और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधि महाधरना स्थल पर जुटेंगे। यहां सभा के बाद उल्टी पदयात्रा निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
समिति ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शहर के जागरूक लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
समिति ने आरोप लगाया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार का मामला लंबे समय से सरकारी खींचतान में उलझा रहा। सेना के नियंत्रण वाली जमीन को लेकर तीन साल तक केंद्र और राज्य सरकार के बीच मामला फुटबॉल की तरह घूमता रहा। करीब एक साल पहले जमीन एयरपोर्ट को सौंपे जाने के बावजूद रनवे विस्तार का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है।
टर्मिनल की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई है। समिति का कहना है कि मौजूदा भवन में एक विमान के 72 यात्रियों के बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
समिति ने हवाई सेवाओं में लगातार कटौती पर भी सवाल उठाए हैं। उसके मुताबिक, शुरुआत में बिलासपुर से दिल्ली के लिए रोज उड़ान उपलब्ध थी, लेकिन अब यह सेवा बंद हो चुकी है। प्रयागराज की उड़ान सप्ताह में चार दिन से घटाकर एक दिन कर दी गई है। जबलपुर, भोपाल, इंदौर और जगदलपुर की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। हैदराबाद की उड़ान को तीन साल पहले मंजूरी मिलने के बावजूद सेवा शुरू नहीं हुई है।


