संदिग्ध दिव्यांगता प्रमाण-पत्रों से नौकरी पाने वालों की होगी जांच? सरायपाली में भी कार्रवाई का इंतजार।
विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में संदिग्ध दिव्यांगता प्रमाण-पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामलों को लेकर हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने 19 याचिकाओं से जुड़े संबंधित याचिकाकर्ताओं को 6 जनवरी 2027 को रायपुर स्थित राज्य मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।इस मामले के सामने आने के बाद सरायपाली विकासखंड में भी शिक्षा विभाग के अंतर्गत संदिग्ध दिव्यांगता प्रमाण-पत्रों के आधार पर कुछ शिक्षकों के कार्यरत होने की चर्चा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐसे प्रमाण-पत्रों की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
हालांकि, संबंधित शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की वैधता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि संदिग्ध प्रमाण-पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने के मामले हैं, तो उनकी जांच कब होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कब कार्रवाई की जाएगी?सरकारी नौकरी में वास्तविक दिव्यांग व्यक्तियों को मिलने वाले अधिकारों और सुविधाओं का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रमाण-पत्रों की पारदर्शी जांच आवश्यक है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस दिशा में कब कदम उठाता है।


