छत्तीसगढ़

युवक की खून से लथपथ मिली लाश

सिर में चोट के निशान, संदिग्धों से पूछताछ

छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर, 3 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजपुरिकला के टिकरापारा में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार को उनका शव घर के बाहर बाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम राजपुरिकला निवासी महादेव चौधरी ने लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके बड़े भाई अंगद राम चौधरी 2 नवंबर की रात करीब 7.30 बजे अपने घर में अकेले थे। इसी दौरान वे पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र चौधरी के घर गए थे, जहां धर्मेंद्र के बुजुर्ग दादा जगसाय चौधरी की देखरेख की जा रही थी। बताया गया कि अंगद राम शराब के नशे में थे, जिसके बाद धर्मेंद्र चौधरी उन्हें उनके घर छोड़कर आया था।

इसके बाद रात में किन परिस्थितियों में अंगद राम की मौत हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी हत्या कर शव घर के बाहर बाड़ी में फेंक दिया गया।

तीन नवंबर की सुबह करीब 8 बजे गांव के रोशन चौधरी ने महादेव चौधरी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महादेव चौधरी अपने पिता के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने अपने बड़े भाई का शव खून से लथपथ हालत में देखा। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान थे और कपड़े भी खून से सने हुए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए लखनपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि हत्या के कारणों और वारदात में शामिल व्यक्ति को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button