मरवाही में 65 हाथियों का झुंड, तालाब में अठखेलियां करते हाथियों का ड्रोन वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 7 नवंबर। जिले के मरवाही वनमंडल में इन दिनों करीब 62 से 65 हाथियों का बड़ा झुंड विचरण कर रहा है। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल हैं। इस बीच हाथियों का एक दिलचस्प नजारा सामने आया है। जंगल के तालाब में हाथी पानी और कीचड़ के बीच अठखेलियां करते और नहाते नजर आए। ड्रोन कैमरे से कैद यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, वन कक्ष क्रमांक 2005 के पास स्थित तालाब में हाथियों का झुंड पहुंचा था। यहां हाथी काफी देर तक पानी में खेलते और नहाते रहे। ड्रोन कैमरे से बनाए गए वीडियो में बड़े हाथियों के साथ छोटे हाथी भी पानी और कीचड़ में मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं।
हाथियों की यह मौजूदगी जहां लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी हुई है, वहीं आसपास के गांवों में दहशत भी है। झुंड लगातार गांवों, खेतों और सड़कों के आसपास पहुंच रहा है। दानीकुंडी प्लांटेशन रोड के पास हाथियों ने धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दी।
हाथियों की बड़ी संख्या को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति हाथियों के झुंड के पास जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश न करे। हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनके रास्ते में आने से बचें।
वन विभाग की अपील है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही न करें। सावधानी बरतकर ही मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव को रोका जा सकता है।



