आईआरजीसी का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में लगी आग

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में आग लग गई.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, आईआरजीसी का यह बयान ईरानी मीडिया में होर्मुज़गान प्रांत के कई हिस्सों में विस्फोट जैसी आवाज़ें सुने जाने की ख़बरों के बाद आया है.
आईआरजीसी नौसेना के अनुसार, दोनों टैंकरों ने अपने नेविगेशन और पोजिशनिंग सिस्टम को बंद करके उन मार्गों से गुजरने की कोशिश की थी, जिन्हें ईरान ने अवैध घोषित किया है.
आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी दी है कि जो जहाज़ और पोत अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करते हैं और होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने के लिए ईरान की ओर से घोषित नियमों का उल्लंघन करते हैं तो उन्हें बारूदी सुरंगों से निशाना बनाया जाएगा.
आईआरजीसी ने जहाज़ों से यह भी आग्रह किया कि वे सेंटकॉम कमांडर की काल्पिनिक बातों को नज़रअंदाज़ करें.
इस बयान के जारी होने से पहले, एक रेडियो और टेलीविजन रिपोर्टर ने बताया था कि क़ेसम, सिरिक, जास्क और बंदरअब्बास में विस्फोटों जैसी आवाजें सुनी गई थीं.(bbc.com/hindi)



