छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर-चांपा जिलेभर में दिखाया गया भव्य परेड का लाइव प्रसारण, हजारों नागरिकों ने लिया हिस्सा

जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जांजगीर-चांपा जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके तहत चांपा के मुकुंद सिनेमा हॉल, अकलतरा, शिवरीनारायण, जांजगीर के मेट्रो सिनेमा हॉल और पुलिस लाइन जांजगीर सहित अन्य स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का संबोधन भी प्रसारित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों की भव्य परेड का प्रदर्शन लोगों ने देखा। परेड के माध्यम से देश की विविधता, एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में जिलेभर से हजारों लोगों ने सहभागिता की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button