जिला चिकित्सालय सुकमा की निःशुल्क डायलिसिस सेवा से 156 मरीजों को मिला नया जीवन
जिला चिकित्सालय सुकमा की निःशुल्क डायलिसिस सेवा से 156 मरीजों को मिला नया जीवन
5,765 डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक सम्पन्न
रायपुर, 27 नवम्बर 2026/
किडनी की गंभीर बीमारियों से जूझते मरीजों और उनके परिजनों के लिए नियमित डायलिसिस का खर्च अक्सर सबसे बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे कठिन समय में सुकमा जिला चिकित्सालय की निःशुल्क डायलिसिस सुविधा जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की सक्रिय पहल से संचालित इस सेवा ने विगत तीन वर्षों में 156 मरीजों के उपचार के साथ कुल 5,765 डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक पूरे कर स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि सुकमा जिले के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी जिले से भी मरीज नियमित रूप से बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर यहां पहुंच रहे हैं। मलकानगिरी निवासी श्री पिंटू भी किडनी की समस्या से पीड़ित हैं और नियमित डायलिसिस के लिए सुकमा आते हैं। उनके भाई श्री केशर बताते हैं कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे नियमित डायलिसिस का खर्च उठा सकें, वहीं अपने क्षेत्र में समुचित सुविधा के अभाव ने उनकी चिंता और बढ़ा दी थी।
श्री केशर के अनुसार, सुकमा जिला अस्पताल में निःशुल्क उपचार मिलने से उनके परिवार को न केवल भारी आर्थिक राहत मिली है, बल्कि यहां के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोगात्मक व कुशल व्यवहार ने कठिन समय में उन्हें बड़ा मानसिक संबल भी दिया है। भाई के नियमित उपचार से परिवार के चेहरे पर लौटी उम्मीद इस बात का प्रमाण है कि संवेदनशील स्वास्थ्य प्रबंधन कैसे जमीनी स्तर पर परिवारों की जिंदगी आसान बनाता है।
सीमावर्ती क्षेत्रों के जरूरतमंदों तक सुलभ और सम्मानजनक चिकित्सा पहुंचाने की यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन की प्राथमिकता केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद तक समय पर जीवन रक्षक सेवा पहुंचाना है। निःशुल्क डायलिसिस इकाई ने यह सुनिश्चित किया है कि आर्थिक तंगी और भौगोलिक सीमाएं किसी भी मरीज के स्वस्थ होने की राह में बाधा न बन सकें।
The post जिला चिकित्सालय सुकमा की निःशुल्क डायलिसिस सेवा से 156 मरीजों को मिला नया जीवन appeared first on sathisandesh.in.
