एनएमडीसी की एल 1-एल 2 भर्ती पर कल युवाओं का बड़ा आंदोलन

3 जिलों से किरंदुल-बचेली पहुंचेंगे युवा, दोनों परियोजनाओं के सामने करेंगे प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 27 नवंबर। एनएमडीसी की एल 1-एल 2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं का आंदोलन 28 नवंबर को व्यापक रूप लेने जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवा किरंदुल एवं बचेली स्थित एनएमडीसी परियोजनाओं के सामने जुटकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। आंदोलनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और ठोस निर्णय लेने की मांग की है। युवाओं ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने तथा परियोजनाओं के कामकाज को बाधित करने की चेतावनी भी दी है।
आंदोलन की तैयारियों के बीच पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
वहीं मिली जानकारी के अनुसार संभावित व्यवधान को देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने परियोजना परिसर में आवश्यक राशन सामग्री के साथ पेट्रोल-डीजल का स्टॉक रखने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने शुरू कर दिए हैं। प्रबंधन की ओर से लगाए गए अतिरिक्त गेट और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा है।
इसके अलावा प्रबंधन ने वैधानिक चेतावानी को बोर्ड पर चस्पा किए। जिसमें किसी व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत प्रवेश, खनन कार्यों में बाधा, सरकारी सार्वजनिक संपत्ति को क्षति जैसे कृत्य करने पर उनके विरूद्ध विधिक कार्रवाई करने व नियम लिखे गए हंै।



