छत्तीसगढ़

स्कूली बच्चों से भरी बस सड़क से उतरकर खेत में घुसी, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल

ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप
छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 29अक्टूबर।चकरभाठा क्षेत्र के कड़ार गांव के पास बुधवार दोपहर फोलिएज पब्लिक स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। बस में करीब25बच्चे सवार थे। तेज रफ्तार बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे परिजन निजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची।

कड़ार गांव में स्थित फोलिएज पब्लिक स्कूल आसपास के कई गांवों के बच्चों को पढ़ाता है। स्कूल प्रबंधन बच्चों को लाने-ले जाने के लिए बस चलाता है। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब दो किलोमीटर दूर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत में जा घुसी।

अचानक हुए हादसे से बस में सवार बच्चों में घबराहट फैल गई। छोटे बच्चे रोने लगे और बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस चालक स्कूल से निकलने के बाद से ही तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। एक बच्चे को गंभीर चोट आने के बाद उसके परिजन उसे अस्पताल ले गए। घायल बच्चे की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। उनका कहना है कि बस के ड्राइवर बार-बार बदले जाते हैं,जिससे नए चालकों को स्थानीय सड़कों और रास्तों की पर्याप्त जानकारी नहीं होती।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button