पनीर बिरयानी के ऑर्डर पर घर पहुंची चिकन बिरयानी

कलेक्टर और खाद्य विभाग से शिकायत की तैयारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अक्टूबर। राजकिशोर नगर स्थित होटल ग्रैंड गुलमोहर से ग्राहक ने ऑनलाइन पनीर टिक्का बिरयानी मंगाई थी, लेकिन पैकेट में चिकन बिरयानी पहुंच गई। इस घटना से आहत परिवार अब होटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी प्रज्ञा बैसवाड़े ने शनिवार दोपहर 2:48 बजे जोमैटो के माध्यम से होटल ग्रैंड गुलमोहर से 445 रुपये की पनीर टिक्का बिरयानी ऑर्डर की थी। परिवार जब भोजन करने बैठा तो चावल में चिकन के टुकड़े देखकर हैरान रह गया। जिस भोजन को पूरी तरह शाकाहारी समझकर मंगाया गया था, उसमें मांसाहारी सामग्री मिलने से परिवार को गहरा धक्का लगा।
प्रज्ञा के पिता प्रफुल्ल बैसवाड़े का कहना है कि उनका परिवार पूरी तरह शाकाहारी है और उनकी बेटी ने कभी मांसाहार नहीं किया। घटना के बाद से बेटी की हालत ऐसी है कि उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया है।
परिवार के मुताबिक, शिकायत करने पर होटल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इसके बाद शाकाहारी बिरयानी दोबारा भेजने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त लिए गए। इसी बात ने नाराजगी और बढ़ा दी।
होटल ग्रैंड गुलमोहर के मैनेजर धर्मेंद्र पाटले ने बताया कि उस समय चिकन टिक्का बिरयानी का भी एक ऑर्डर था। उनके अनुसार, डिलीवरी ब्वाय ने गलती से पनीर टिक्का बिरयानी की जगह चिकन बिरयानी का पैकेट ग्राहक तक पहुंचा दिया। गलती सामने आने के बाद माफी मांगकर पनीर टिक्का बिरयानी दोबारा भेजी गई।
होटल प्रबंधन ने इसे अनजाने में हुई चूक बताया है। हालांकि, इस सफाई के बाद भी परिवार संतुष्ट नहीं है।



