2024 अमेरिकी चुनाव में वोट डालने के लिए भारतीय नागरिक पर केस दर्ज
-याकूत अली
अमेरिका में 2024 केराष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के लिए अमेरिकी नागरिकता का कथित तौर पर झूठा दावा करने के मामले में एक भारतीय नागरिक पर आरोप तय किए गए हैं. अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मिनेसोटा में संघीय ग्रैंड जूरी ने मुकेश कुमार सोमाभाई चौधरी के खिलाफ दो आरोपों में अभियोग दर्ज किया है.
अभियोग के अनुसार, चौधरी ने 5 नवंबर, 2024 को वोट डालने के लिए जरूरी प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर करते हुए खुद को अमेरिकी नागरिक बताया, जबकि वह अमेरिकी नागरिक नहीं थे. दोषी पाए जाने पर उन्हें प्रत्येक आरोप में अधिकतम पांच साल की जेल हो सकती है.
अमेरिकी कानून के तहत, संघीय चुनाव में वोट देने के लिए अमेरिकी नागरिक होना जरूरी है. गैर-नागरिकों के मतदान पर प्रतिबंध है. हालांकि कुछ स्थानीय चुनावों में गैर-नागरिकों को मतदान की अनुमति देने के नियम अलग हो सकते हैं. यह मामला अमेरिकी गृह सुरक्षा जांच एजेंसी और फिलमोर काउंटी शेरिफ कार्यालय की जांच के बाद सामने आया है. न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियोग केवल आरोप है और अदालत में दोष साबित होने तक आरोपी को निर्दोष माना जाएगा.(dw.com/hi)



